राजभाषा समिति की बैठक में हिंदी में अधिक काम करने के निर्देश
डीआरएम कमल कुमार तलरेजा ने सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रभावी प्रयोग पर दिया जोर

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 195वीं बैठक गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मंडल के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। डीआरएम ने अधिकारियों को सरकारी कामकाज का अधिकाधिक निष्पादन हिंदी में करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग और इसके कार्यान्वयन पर विशेष जोर दिया।
बैठक की शुरुआत अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक दिनेश कुमार कलामे के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने कहा कि संघ की राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सभी अधिकारियों की है। उन्होंने अधिकारियों से अपने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिक से अधिक उपयोग करने तथा अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
इसके बाद दिनेश कुमार कलामे ने महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेल के हिंदी दिवस संदेश-2026 का वाचन किया। राजभाषा अधिकारी एवं समिति के सचिव गुन्नार सिंह ने समिति की रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट के बाद अधिकारियों के लिए प्रश्नमंच आयोजित किया गया।
यह प्रश्नमंच मंडल में चल रहे राजभाषा माह-2026 के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था। इसका संचालन राजभाषा अधिकारी गुन्नार सिंह ने किया। बैठक में सरकारी कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और संघ की राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों की प्रतिबद्धता पर जोर दिया गया।













