बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सुरक्षा व्यवस्था के बीच हिर्रवाह और तेलगवा में हुआ गणेश प्रतिमा विसर्जन

सिंगरौली। गणेश उत्सव के समापन अवसर पर शुक्रवार को जिले में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ किया गया। नगर निगम द्वारा निर्धारित हिर्रवाह और तेलगवा विसर्जन स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। विसर्जन को लेकर प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की ओर से सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

विसर्जन स्थलों पर पुलिस प्रशासन, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी सहित विभिन्न विभागों का अमला तैनात रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से प्रतिमा विसर्जन कराने की व्यवस्था की गई। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की मौजूदगी के चलते पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।

बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। लोग ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ गणेश प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन स्थलों तक पहुंचे। रास्तेभर ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए रवाना किया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी की। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिसकर्मी सक्रिय रहे। नगर निगम के कर्मचारियों ने प्रकाश, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था संभाली। विसर्जन के बाद घाट और आसपास के क्षेत्रों में सफाई भी कराई गई।प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई। शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन संपन्न होने के साथ ही जिले में दस दिवसीय गणेश उत्सव का समापन हुआ।

Author

Related Articles

Back to top button