भाजपा जिला कार्यालय में मनाई गई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती

सिंगरौली। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय सिंगरौली में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और एकात्म मानववाद की विचारधारा पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, प्रदेश महामंत्री कप्तान सिंह तथा विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पंचूलाल प्रजापति का जिला कार्यालय में प्रथम आगमन हुआ। किसान मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित परिचयात्मक बैठक में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दरलाल शाह, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे, सिंगरौली विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष दिलीप शाह, पूर्व महापौर प्रेमवती खैरवार, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रवेंद्र द्विवेदी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन और किसान मोर्चा से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।












