बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनसीएल निगाही की नई सीएचपी में कबाड़ियों का आतंक, चालू कन्वेयर से 200 मीटर कॉपर केबल चोरी

सिंगरौली। एनसीएल की निगाही परियोजना में निर्माणाधीन नई सीएचपी (कोल हैंडलिंग प्लांट) में कबाड़ियों द्वारा चोरी किए जाने के आरोपों ने परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि कबाड़ी पुराने बंकर और टीएच-2 के रास्ते ऊपर चढ़कर चालू कन्वेयर से आइडलर्स, रोलर, लोहे की फ्रेम, कॉपर केबल सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, कार्यस्थल पर सुरक्षा के लिए तैनात गार्ड भी कबाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करने से कतराते हैं। बताया जा रहा है कि एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई का डर दिखाकर सुरक्षा कर्मियों को पीछे हटने के लिए मजबूर किया जाता है। इसी का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिए जाने का आरोप है।

ताजा मामला मधुकान निगाही की नई सीएचपी के ईसी-2 और ईसी-4 से जुड़ा बताया जा रहा है। यहां चालू कन्वेयर बेल्ट से करीब 200 मीटर कॉपर पावर केबल काटकर चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। चालू कन्वेयर से पावर केबल काटना न केवल चोरी की गंभीर घटना है, बल्कि इससे कर्मचारियों की सुरक्षा और प्लांट संचालन पर भी बड़ा खतरा पैदा हो सकता है।

केबल कटने से किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका के साथ उत्पादन व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा भी बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button