बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नवानगर पुलिस ने चार घंटे में सुलझाई चोरी की वारदात, 6 लाख के जेवर बरामद

सिंगरौली। नवानगर पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का अपराध दर्ज होने के महज चार घंटे में खुलासा करते हुए करीब 6 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में दो विधि-विरुद्ध बालकों को दस्तयाब किया गया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।

माजन कला निवासी बृज कुमार कुशवाहा ने नवानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह परिवार के साथ उज्जैन गया था। वापस लौटने पर घर का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखने पर अलमारी और श्रृंगारदानी के लॉकर टूटे मिले। जांच करने पर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी गायब मिली। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 256/2026 दर्ज कर धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की।

थाना प्रभारी राकेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही संदिग्धों से पूछताछ और मुखबिर तंत्र के माध्यम से जानकारी जुटाई गई। मिले साक्ष्यों के आधार पर दो विधि-विरुद्ध बालकों को दस्तयाब कर पूछताछ की गई। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए पायल, छागल, करधनी, बिछिया, मंगलसूत्र, सुई-धागा, झुमकी और सोने की नथ सहित करीब 6 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल एक अन्य विधि-विरुद्ध बालक की तलाश की जा रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन में की गई। पुलिस टीम में सउनि डॉ. अजीत सिंह, अरविन्द चतुर्वेदी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।

Author

Related Articles

Back to top button