कोटा बस्ती में 20 से अधिक बच्चों का कराया गया अन्नप्राशन

शक्तिनगर/सोनभद्र। कोटा बस्ती ग्राम पंचायत में आंगनबाड़ी केंद्रों की ओर से अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 20 से अधिक बच्चों को पहली बार अन्न ग्रहण कराया गया। इस दौरान बच्चों के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना करते हुए अभिभावकों को बाल पोषण और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कोटा प्रथम से अंजू देवी, कोटा द्वितीय से ललिता देवी और हेलीपेड से संगीता देवी मौजूद रहीं। ग्राम प्रधान प्रमोद तिवारी की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान बच्चों के अभिभावकों को बताया गया कि शिशुओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए उम्र के अनुसार पौष्टिक एवं संतुलित आहार बेहद जरूरी है।
अभिभावकों से बच्चों के खान-पान के साथ साफ-सफाई और स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखने की अपील की गई। कार्यक्रम में बच्चों के अन्नप्राशन को लेकर अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला।
आंगनबाड़ी केंद्रों की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और उचित देखभाल के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बच्चों और उनके अभिभावकों ने सहभागिता की।













