नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, गर्भपात की दवा खिलाने का भी आरोप

सोनभद्र। जुगैल थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी राजकुमार उर्फ कुंवरलाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग के गर्भवती होने और कथित तौर पर गर्भपात की दवा खिलाए जाने के बाद मामले का खुलासा हुआ था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, अप्रैल माह में मधुपुर क्षेत्र में गेहूं कटाई के दौरान आरोपी की नीयत खराब हुई। आरोप है कि इसके बाद परिजनों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर आरोपी ने घर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद नाबालिग गर्भवती हो गई थी। आरोप है कि आरोपी ने उसे गर्भपात की दवा भी खिलाई, जिसके बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने पर परिजनों को मामले की जानकारी हुई।
पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर जुगैल थाने में आरोपी के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। मुकदमे में वांछित राजकुमार उर्फ कुंवरलाल को पुलिस टीम ने भरहरी तिराहे से गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।













