विंध्य विद्यालय सरई में प्रतिभाओं का सम्मान, विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने आईएफएस व चिकित्सकों को किया सम्मानित

सरई। सिंगरौली जिले के सरई स्थित विंध्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को क्षेत्र की प्रतिभाओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम रहे। समारोह में भारतीय वन सेवा (आईएफएस) में चयनित रविनंदन गुप्ता, चिकित्सक डॉ. नितेश गुप्ता, डॉ. अमित गुप्ता और डॉ. राघवेंद्र जायसवाल तथा सहायक प्राध्यापक पद पर चयनित पूजा साहू के पिता राजेंद्र साहू को सम्मानित किया गया। इस दौरान विधायक कुंवर सिंह टेकाम का भी स्वागत और सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में श्याम जी जायसवाल ने विद्यार्थियों के अभिभावकों को शिक्षा के प्रति गंभीर रहने का संदेश देते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई में किसी तरह की कमी नहीं आने देनी चाहिए। वहीं अशोक तिवारी ने सम्मानित प्रतिभाओं से अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और सेवाभाव के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
आईएफएस रविनंदन गुप्ता ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपनी सफलता का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि यदि गांव से निकलकर वह भारतीय वन सेवा जैसे पद तक पहुंच सकते हैं, तो क्षेत्र का कोई भी विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकता है। सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर मेहनत करने और समस्याओं के बजाय लक्ष्य को प्राथमिकता देने की जरूरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई को सर्वोच्च महत्व देने और सरई क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने आयोजनकर्ता रमापति जायसवाल की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं और अच्छे कार्य करने वालों का सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संघर्षों से विचलित हुए बिना अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने और मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील की। विधायक ने कहा कि जिस तरह सोना तपकर निखरता है, उसी तरह संघर्ष व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखारता है।
कार्यक्रम में नगर परिषद सरई उपाध्यक्ष विजय गुप्ता, पार्षद सुमन सिंह, एल्डरमैन रमेश गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामधनी यादव, मंडल अध्यक्ष निवास रेनू शाह, संकुल प्राचार्य डीपी प्रजापति, रामजियावन जायसवाल, दीपक गुप्ता, रामायण गुप्ता, नरेश गुप्ता, चंद्रशेखर गुप्ता, कमलेश गुप्ता, राजेंद्र साहू, भाईलाल शर्मा, छत्रपति सिंह, प्राचार्य रामदास जायसवाल और सरपंच दुधमनिया रामदास साहू सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।













