बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बारिश के बीच वाहन चलाते समय सावधानी बरतें: पुलिस अधीक्षक

 

सिंगरौली। जिले में पिछले दो-तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली ने आमजन और वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सड़कें फिसलन भरी होने के साथ कई स्थानों पर दृश्यता भी प्रभावित हो सकती है। ऐसे में वाहन चलाते समय नियंत्रित गति, सुरक्षित दूरी और स्पष्ट दृश्यता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।

पुलिस ने वाहन चालकों से बारिश के दौरान गति नियंत्रित रखने, अचानक ब्रेक लगाने और अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने की अपील की है। आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर वाहन को सुरक्षित रूप से नियंत्रित किया जा सके। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट और चारपहिया वाहन में चालक सहित सभी सवार सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

गीली सड़क, मोड़, ढलान, पुल-पुलिया और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने के साथ यात्रा से पहले टायर, ब्रेक, हेडलाइट, टेल लाइट, वाइपर और डिफॉगर की जांच करने की सलाह दी गई है।

बारिश के साथ धुंध या कोहरा होने पर गति और कम रखें तथा लो-बीम हेडलाइट व फॉग लाइट का उपयोग करें। हाई-बीम से बचें। अत्यधिक कम दृश्यता की स्थिति में वाहन को सड़क किनारे खड़ा करने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रोकें।

गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, बड़े पेड़ों, बिजली के खंभों और तारों से दूरी बनाए रखने तथा बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि छोटी-सी सावधानी बड़ी दुर्घटना को टाल सकती है। किसी भी आपात स्थिति या सड़क दुर्घटना की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को दें।

Author

Related Articles

Back to top button