बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जन-विश्वास अभियान के तहत देवरा में जनसंवाद एवं समस्या निवारण शिविर

राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह एवं कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, सुनी समस्याएं

सिंगरौली, । मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत चितरंगी की ग्राम पंचायत देवरा में जनसंवाद एवं समस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में राज्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग श्रीमती राधा सिंह, जनपद अध्यक्ष चितरंगी श्रीमती सिया दुलारी, कलेक्टर श्री गौरव बैनल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सघप्रिय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

 

राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच संवाद को और अधिक मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं एवं लोक सेवाओं का लाभ अंतिम छोर पर बसे पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेते हुए नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से शासकीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी स्थानीय समस्याओं, आवश्यकताओं तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जन-विश्वास अभियान केवल समस्याओं के निराकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक समस्या के निराकरण की प्रभावी निगरानी की जाए। कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना तथा लोक सेवाओं को निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

कलेक्टर श्री बैनल ने ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा को लेकर भी संवाद किया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही तैयार होती है। पेयजल व्यवस्था पर चर्चा के दौरान ग्रामीणों द्वारा मझरे-टोलों को पेयजल योजना में शामिल किए जाने की मांग पर कलेक्टर ने कहा कि योजना में छूटे हुए मझरे-टोलों को भी शामिल किया जाएगा तथा गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को सुगम पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और नवंबर माह के अंत तक जिले के प्रत्येक घर में नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने के लक्ष्य की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जल संरक्षण एवं जल की स्थायी उपलब्धता के लिए ग्रामीणों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि गांव के विकास में प्रशासन के साथ जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिविर में एसडीएम चितरंगी देवेन्द्र द्विवेदी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मान सिंह सैयाम, जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी, उपायुक्त सहकारिता पी.के मिश्रा, जिला आपूर्ति अधिकारी पी.सी चन्द्रवंशी, उप संचालक खनिज आकांक्षा पटेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, अधीक्षण अभियांता विद्युत अजीत सिंह बघेल सहित जिला एवं खण्ड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button