जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवरा का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने बच्चों से किया आत्मीय संवाद , सवालों के जरिए परखी सीखने की क्षमता

विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
पेयजल एवं मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का लिया जायजा, गुणवत्ता और स्वच्छता पर दिया जोर
सिंगरौली,। जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने विकासखंड चितरंगी अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवरा का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए प्राचार्य एवं शिक्षकों से विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षक बच्चों एवं उनके अभिभावकों से निरंतर संवाद कर उन्हें विद्यालय आने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण विद्यार्थियों की विद्यालय में उपस्थिति प्रभावित नहीं होनी चाहिए। बच्चों की नियमित उपस्थिति से उनकी सीखने की प्रक्रिया निरंतर बनी रहती है और शिक्षा के माध्यम से वे अपने भविष्य को बेहतर बनाने के साथ समाज, जिले, प्रदेश एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की शिक्षा के प्रति संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने तथा नियत समय पर विद्यालय में उपस्थित रहकर पठन-पाठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा में उपस्थित विद्यार्थियों से सहज संवाद किया तथा मौसम के अनुसार उगाई जाने वाली फसलों, सब्जियों एवं अन्य विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके ज्ञान एवं समझ का आकलन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने शिक्षकों द्वारा दी जा रही सीख को दैनिक जीवन में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने विद्यालय में उपलब्ध पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ ही मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय में पठन-पाठन व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और शैक्षणिक कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय उपस्थित रहे।













