पत्नी की हत्या के लिए पति ने जहरीले सांप का लिया सहारा, 3 साल बाद गुत्थी सुलझी

मुंबई/ठाणे।महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर से एक खौफनाक हत्याकांड सामने आया है। पुलिस ने करीब तीन साल बाद एक महिला की मौत की गुत्थी सुलझाते हुए उसके पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि महिला की हत्या किसी सामान्य तरीके से नहीं, बल्कि जहरीले सांप से डसवाकर कराई गई थी।
पुलिस के अनुसार, नीरजा रूपेश आंबेकर की 10 जुलाई 2022 को बदलापुर ईस्ट स्थित उज्ज्वलदीप सोसायटी में उनके घर पर मौत हो गई थी। उस वक्त इसे एक्सीडेंटल डेथ मानते हुए मामला दर्ज किया गया था, क्योंकि मौत का कारण सांप का काटना बताया गया था। शुरुआती जांच में कोई संदेह सामने नहीं आया।
दोबारा जांच में चौंकाने वाले तथ्य
समय बीतने के साथ कुछ गवाहों के बयानों में विरोधाभास नजर आया। इसके बाद पुलिस ने मामले की दोबारा गहन जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि मृतका के पति 40 वर्षीय रूपेश आंबेकर का पत्नी नीरजा के साथ लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। इन्हीं विवादों से परेशान होकर उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
दोस्तों की मदद से रची साजिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस साजिश में रूपेश के दोस्त रिशिकेश रमेश चालके और 25 वर्षीय कुणाल विश्वनाथ चौधरी शामिल थे। आरोपियों ने 36 वर्षीय चेतन विजय दुधाने से संपर्क किया, जो एक स्नेक रेस्क्यू वॉलंटियर है। चेतन ने उन्हें एक जहरीला सांप उपलब्ध कराया।
साजिश के तहत उसी सांप से नीरजा को डसवाया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों को भरोसा था कि इसे प्राकृतिक मौत मान लिया जाएगा और वे कानून की पकड़ से बच जाएंगे, लेकिन तकनीकी जांच और सटीक पूछताछ ने उनकी साजिश को उजागर कर दिया।
चारों आरोपी गिरफ्तार
सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर नितिन पाटिल ने बताया कि मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल सभी से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।













