सीधी

कलेक्ट्रेट के सामने आत्मदाह की चेतावनी: नौकरी से निकाले जाने का आरोप लगाकर सांसद पर लगाए गंभीर आरोप, प्रशासन अलर्ट…

कलेक्ट्रेट के सामने आत्मदाह की चेतावनी: नौकरी से निकाले जाने का आरोप लगाकर सांसद पर लगाए गंभीर आरोप, प्रशासन अलर्ट…

सीधी कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप की स्थिति बन गई, जब कलेक्टर कार्यालय के सामने एक व्यक्ति द्वारा आत्मदाह करने की चेतावनी देने का मामला सामने आया। इस संबंध में एक वीडियो बीते दो दिनों से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़ित व्यक्ति खुद को अत्यंत परेशान बताते हुए आत्मदाह जैसा कदम उठाने की बात कह रहा है।

वायरल वीडियो में व्यक्ति ने अपना नाम अरविंद पटेल बताया है। अरविंद पटेल का आरोप है कि वह वन विभाग में मास्टर ट्रेनर के रूप में कार्यरत था, जहां उसका मुख्य काम कला के माध्यम से प्रशिक्षण देना और लोगों को जागरूक करना था। उसका कहना है कि बिना किसी गलती के उसे नौकरी से निकाल दिया गया। इस कार्रवाई के पीछे उसने सीधी सांसद डॉक्टर राजेश मिश्रा और उनके जीजा डॉक्टर कैलाश तिवारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

अरविंद पटेल ने वीडियो में कहा है कि सांसद डॉक्टर राजेश मिश्रा ने अपने जीजा डॉक्टर कैलाश तिवारी के कहने पर उसे नौकरी से हटवाया और उसकी जगह किसी अन्य की नियुक्ति करवा दी। पीड़ित का कहना है कि उसने इस संबंध में स्वयं सांसद से बात की थी, जिन्होंने उसे भरोसा दिलाया था कि उसे नौकरी से नहीं निकाला जाएगा, लेकिन इसके बावजूद करीब तीन महीने पहले उसे कार्य से हटा दिया गया। अरविंद का दावा है कि वह कई बार सांसद के सामने रोया, गिड़गिड़ाया, लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी। इसी मानसिक पीड़ा से तंग आकर उसने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।

इस पूरे मामले में जब सीधी सांसद डॉक्टर राजेश मिश्रा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं, सांसद के जीजा डॉक्टर कैलाश तिवारी से बातचीत में उन्होंने इसे व्यक्तिगत मामला बताते हुए कहा कि आत्मदाह की चेतावनी से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने स्वीकार किया कि वे सांसद के जीजा हैं, लेकिन इस प्रकरण में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया।

उधर, मुख्यालय डीएसपी अमन मिश्रा ने बताया कि उन्हें फिलहाल ऐसी किसी घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है और न ही किसी ने आत्मदाह की अनुमति मांगी है। हालांकि, उन्होंने कहा कि जानकारी मिलने पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और किसी भी व्यक्ति को ऐसा कदम उठाने से रोकने के लिए प्रशासन पूरी कोशिश करेगा।

Author

  • सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

पोल खोल पोस्ट

सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

Related Articles

Back to top button