चितरंगी बाजार स्थित दुकान में आग, लाखों का नुकसान

सिंगरौली। जिले के चितरंगी बाजार में रविवार शाम लगभग 7 बजे बोदाखूटा निवासी लाले साहू की किराना और प्लास्टिक की दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते पूरी दुकान जलकर राख हो गई। इस हादसे के कारण बाजार में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
स्थानीय लोगों और दुकानदारों के अनुसार, आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आसपास के लोग और दुकानदार बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन प्लास्टिक के सामान के कारण आग तेजी से फैलती रही। इस हादसे में दुकानदार का करीब 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी आग लगने के डेढ़ घंटे बाद गोरबी इलाके से मौके पर पहुंची। इस देरी पर बाजार के व्यापारियों ने अधिकारियों से विवाद किया और नाराजगी जताई। उनका कहना था कि समय पर गाड़ी पहुँचती तो नुकसान कम हो सकता था।
हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में फायर ब्रिगेड की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि इस प्रकार के हादसों से बचा जा सके।













