कचनी में अमृत जल पाइपलाइन फटने से दुकानों में घुसा पानी
निगम की लापरवाही पर दुकानदारों में नाराजगी

सिंगरौली नगर निगम क्षेत्र के कचनी तिराहे के पास रविवार देर रात अमृत जल योजना की मुख्य पाइपलाइन अचानक फट गई। इस घटना के कारण आसपास की आधा दर्जन से अधिक दुकानों में पानी भर गया और कई दुकानदारों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ।
स्थानीय दुकानदार गणेश प्रसाद ने बताया कि पाइपलाइन फटने के बाद उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार फोन किया, लेकिन रात भर कोई मदद नहीं मिली। पानी का बहाव इतना तेज था कि दुकानों में घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया और किराना, कपड़ा तथा अन्य आवश्यक सामान पूरी तरह खराब हो गया।
दुकानदारों का आरोप है कि यदि नगर निगम की टीम समय पर घटनास्थल पर पहुँचती, तो नुकसान कम किया जा सकता था। सुबह तक कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं था, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
नगर निगम के कार्यपालन यंत्री संतोष पांडे ने बताया कि पाइपलाइन की सप्लाई रोक दी गई है और मरम्मत कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन फटने के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने अमृत जल योजना के रखरखाव और आपातकालीन प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं और मांग की है कि भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएँ।













