ऑनलाइन गेम खेलने की आदी, 3 सगी बहनो ने कर ली आत्महत्या

गाजियाबाद. यूपी के गाजियाबाद की एक सोसायटी में बीती रात तीन नाबालिग सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना टीला मोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी की है. जानकारी के अनुसार, भारत सिटी सोसायटी के बी-1 टॉवर स्थित फ्लैट नंबर 907 में रहने वाली तीनों बहनें बीती रात करीब दो बजे 9वीं मंजिल से नीचे गिर गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक लड़कियों की पहचान निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) के रूप में हुई है. तीनों के पिता का नाम चेतन कुमार बताया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय पूरा परिवार सो रहा था. आशंका जताई जा रही है कि तीनों बहनें प्लास्टिक की कुर्सी लगाकर 9वीं मंजिल से नीचे कूदीं. हालांकि, इस बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
बताया जा रहा है कि तीनों बहनें मोबाइल और ऑनलाइन गेम्स खेलने की आदी थीं. वे एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम खेलती थीं. परिवार को उनकी इस आदत पर आपत्ति थी और माता-पिता अक्सर उन्हें गेम खेलने से रोकते थे. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं इस लत का घटना से कोई संबंध तो नहीं है.
पुलिस के अनुसार, तीनों बहनें लगभग हर गतिविधि एक साथ करती थीं, जिसमें नहाना, खाना, स्कूल जाना और सोना शामिल था. बताया जा रहा है कि कोविड-19 महामारी के दौरान उन्हें ऑनलाइन गेम्स की लत लगी थी और वे नियमित रूप से स्कूल भी नहीं जा रही थीं. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है.













