सीधी

मीडिया की ताकत: सीधी में छात्रा अनामिका को पुलिस ने रोका, वीडियो वायरल हुआ,मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान: बैगा बिटिया अनामिका को मिलेगी पूरी मदद…

मीडिया की ताकत: सीधी में छात्रा अनामिका को पुलिस ने रोका, वीडियो वायरल हुआ,मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान: बैगा बिटिया अनामिका को मिलेगी पूरी मदद…

सीधी पोल खोल पोस्ट राजू गुप्ता

सीधी जिले के ग्राम डेवा की रहने वाली बैगा समुदाय की बिटिया अनामिका बैगा जो बीते शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की सीधी जिले के बहरी में आयोजित आमसभा में उनसे मिलने के लिए गई थी परंतु पुलिस वालों ने उसे रोक दिया था इस दौरान उसने मीडिया के सामने अपनी पूरी व्यथा रो-रोकर व्यक्त की थी जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया तथा अन्य मीडिया के माध्यमों टीवी चैनल और अखबारों में भी इस खबर को प्रमुखता से दिखाया गया जिसको लेकर मीडिया की खबरों की सुर्खियां बनने के बाद अब बड़ा और राहत भरा अपडेट सामने आया है।

 

शनिवार सुबह करीब 11 बजे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर पोस्ट साझा करते हुए स्पष्ट किया कि अनामिका को उसकी पढ़ाई के लिए पूरी सरकारी सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद न केवल अनामिका, बल्कि उसके परिवार और क्षेत्र के लोगों में भी नई उम्मीद जगी है।

 

NEET कोचिंग से लेकर मेडिकल कॉलेज तक सरकार देगी साथ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि शुक्रवार को सीधी प्रवास के दौरान बिटिया अनामिका बैगा ने उनसे पढ़ाई में मदद के लिए अनुरोध किया था। इसके बाद जब पूरे मामले की जानकारी ली गई तो यह तथ्य सामने आया कि अनामिका फिलहाल NEET परीक्षा की तैयारी कर रही है और उसे कोचिंग की पढ़ाई तथा छात्रावास की सुविधा के लिए सहायता की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि अनामिका ने अभी तक NEET की परीक्षा नहीं दी है, लेकिन वह पूरी लगन और मेहनत से इसकी तैयारी कर रही है।

जानकारी संज्ञान में आने के बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अनामिका के लिए तत्काल उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उसकी तैयारी में कोई बाधा न आए। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में यदि अनामिका का मेडिकल कॉलेज में चयन होता है, तो राज्य सरकार की ओर से उसे हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
डॉ. मोहन यादव ने भावनात्मक शब्दों में लिखा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि एक दिन बिटिया अनामिका एक विख्यात चिकित्सक के रूप में मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेगी।” मुख्यमंत्री के इस बयान को आदिवासी समाज और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

कलेक्टर ने की तत्काल कार्यवाही

 

मुख्यमंत्री के निर्देशों के पालन में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने अनामिका बैगा से मुलाकात की। कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी को निर्देशित किया कि अनामिका को NEET की तैयारी के लिए आवश्यक पुस्तकें, कोचिंग और छात्रावास की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए। साथ ही अनामिका तथा उनके पिता रामकुमार बैगा से अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी लेकर उपखंड अधिकारी कुसमी और जनजातीय कार्य विभाग को परीक्षण कर उसे सभी पात्र हितग्राहीमूलक योजनाओं से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री की इस मानवीय और प्रेरणादायक पहल से अनामिका बैगा बेहद प्रसन्न है। यह पहल न केवल एक आदिवासी बिटिया के सपनों को नई उड़ान देगी, बल्कि यह भी दर्शाती है कि राज्य सरकार प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प को पूरा सहयोग देने के लिए सदैव तत्पर है।

गौरतलब है कि इससे पहले अनामिका ने सरकार और प्रशासन पर मदद न मिलने के आरोप लगाए थे और मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश के दौरान उसे सुरक्षा कारणों से अंदर न जाने दिए जाने की बात सामने आई थी।

Author

  • सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

पोल खोल पोस्ट

सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

Related Articles

Back to top button