नवोदय विद्यालय से लापता दो छात्र नरसिंहपुर से बरामद, पढ़ाई के दबाव का खुलासा

छिंदवाड़ा। नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी से लापता हुए कक्षा दसवीं के दो छात्रों को पुलिस ने नरसिंहपुर से सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। छात्रों ने पुलिस को बताया कि वे पढ़ाई के अत्यधिक दबाव के कारण स्कूल छोड़कर चले गए थे।
बुधवार को दोनों छात्र अचानक स्कूल से गायब हो गए थे, जिसके बाद सिंगोड़ी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान उनके कमरे से एक पत्र मिला था, जिसमें रैगिंग का आरोप लगाते हुए 30 दिन बाद लौटने की बात लिखी गई थी। इससे मामला संदिग्ध हो गया था।
एसपी अजय पांडे के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से छात्रों को नरसिंहपुर से बरामद किया। पूछताछ में छात्रों ने बताया कि वे पढ़ाई का दबाव सहन नहीं कर पा रहे थे, इसलिए भागने का फैसला किया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्रशेखर पानकर ने रैगिंग की घटना से इनकार करते हुए पत्र की जांच की बात कही है।













