देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

बाघाजतिन स्टेशन पर आग से रेल सेवाएं ठप, यात्रियों में अफरा-तफरी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बाघाजतिन रेलवे स्टेशन पर सोमवार 12 जनवरी की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर दो पर स्थित एक कपड़े की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह करीब छह बजे लगी इस आग से पूरे स्टेशन परिसर में घना धुआं भर गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

धुएं की तीव्रता को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनज़र सियालदह दक्षिण शाखा की डाउन लाइन पर ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं। लगभग आधे घंटे तक रेल यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा, जिसका असर अप लाइन पर भी पड़ा। कई लोकल ट्रेनों को बीच रास्ते के स्टेशनों पर ही रोकना पड़ा, जिससे कार्यालय जाने वाले यात्रियों और दैनिक सफर करने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस आगजनी में दुकान में रखा कपड़ा और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिससे बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थिति सामान्य होने के बाद रेलवे प्रशासन ने धीरे-धीरे ट्रेन सेवाएं बहाल कर दीं।

Author

Related Articles

Back to top button