शासकीय महाविद्यालय राजमिलान में एनएसएस के तहत साक्षरता व डिजिटल साक्षरता अभियान, निकाली गई जागरूकता रैली

सिंगरौली-शासकीय महाविद्यालय राजमिलान में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के साप्ताहिक कार्यक्रम के अंतर्गत साक्षरता एवं डिजिटल साक्षरता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के पांचवें दिन आयोजित इस अभियान में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने शिक्षा से संबंधित प्रेरक नारे लगाए और जनसंपर्क करते हुए लोगों को साक्षरता के महत्व से अवगत कराया। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि शिक्षा न केवल व्यक्तिगत विकास, बल्कि समाज के समग्र उत्थान का भी मजबूत आधार है।
इसके साथ ही कार्यक्रम में डिजिटल साक्षरता पर विशेष फोकस किया गया। इस अवसर पर बाहर से आमंत्रित दो विषय-विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक, ऑनलाइन संसाधनों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग, साइबर सुरक्षा तथा डिजिटल जागरूकता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने और तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने की सीख दी।कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन एनएसएस कार्यक्रम संयोजक डॉ. संजय सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। उनके निर्देशन में आयोजित यह अभियान साक्षर एवं डिजिटल रूप से सक्षम समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।













