सरई पुलिस की कार्रवाई: 63 लीटर अवैध शराब और कार जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना सरई पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में शराब और एक कार जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सिंगरौली मनीष खत्री (भा.पु.से.) द्वारा जिले में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी सरई निरीक्षक जितेंद्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
मुखबिर सूचना पर की गई घेराबंदी
पुलिस को 8 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बरका की ओर से एक स्लेटी रंग की कार में दो व्यक्ति अवैध शराब लेकर बरका तिराहा की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राहगीर गवाहों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद बताए गए हुलिये की कार वहां पहुंची, जिसे रोककर उसमें सवार व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम बच्चालाल बैश्य (30 वर्ष) पिता दयाराम बैश्य एवं नवीन बैश्य (24 वर्ष) पिता जयकरन बैश्य निवासी ग्राम गन्नई चौकी बरका थाना सरई जिला सिंगरौली बताया।
कार से मिली बड़ी मात्रा में शराब
पुलिस ने कार की तलाशी लेने पर उसमें रखे 7 कार्टून शराब बरामद किए। इनमें 4 पेटी देशी प्लेन मदिरा और 3 पेटी देशी लाल मसाला शराब शामिल थी। कुल 63 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 31 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही आरोपियों के कब्जे से कार क्रमांक DL 3C CC 0790 भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 72/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक सूरज सिंह, सहायक उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह भदौरिया, प्रधान आरक्षक राम निरजन वैश्य, लक्ष्मीकांत साहू, अनुराग मिश्रा तथा आरक्षक रिंकू धाकड़, शिवम पाटकर, कपिल बंसल, संतोष राठौर, अशोक यादव एवं अवध गोयल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













