पंचायतों में सामने आया मोबाइल खरीद घोटाला,ग्राम पंचायतों ने एक-एक लाख से ऊपर खरीदे मोबाइल…

पंचायतों में सामने आया मोबाइल खरीद घोटाला,ग्राम पंचायतों ने एक-एक लाख से ऊपर खरीदे मोबाइल…
मोबाइल क्रय के नाम पर शासन की राशि का हुआ बंदरबाट…
सीधी
जनपद पंचायत रामपुर नैकिन की ग्राम पंचायतों में आए दिन कोई न कोई घोटाला उजागर होता रहा है। शासन के नियम-निर्देशों की खुलेआम अवहेलना करते हुए ग्राम पंचायतों ने 5वां एवं 15वां वित्त की मद का खुलेआम बंदरबाट कर रहे हैं। शिकायत होने के बाद भी जनपद सीईओ एवं अन्य अधिकारियों के द्वारा भ्रष्टाचारी सरपंच-सचिव के विरुद्ध कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। वर्तमान समय में ग्राम पंचायतों की वार्षिक आडिट की जा रही है। जिसमें नए-नए घोटाले उजागर हो रहे हैं। पंचायतों की आडिट के बाद लोकसभा एवं विधानसभा ग्राम पंचायत के चुनाव की व्यवस्था के नाम पर प्रति पोलिंग 30 हजार से 35 हजार रुपए आहरण करने का मामला भी सामने आया है, तो वहीं अधिकांश ग्राम पंचायतों के द्वारा प्रति वर्ष 70 से 90 हजार रुपए का लैपटाप खरीदी की गई है।
ये सारे तथ्य ऑडिट के दौरान सामने आए हैं। ऑडिटर द्वारा ग्राम पंचायतों में किए गए नियम विरुद्ध आहरण पर आपत्ति भी जताई है। इसके बाद भी सरपंच-सचिव के द्वारा शासन की हड़पी गई राशि की वसूली की कार्यवाही अभी तक नहीं की गई है।
शासन द्वारा 12 हजार रुपए के अंदर ही मोबाइल क्रय करने के निर्देश दिए गए थे किंतु ग्राम पंचायतों द्वारा 30-30 हजार के मोबाइल एक वर्ष में ही 2-2, 3-3 बार क्रय किए गए हैं। ग्राम पंचायत खड्डी खुर्द के द्वारा दिनांक 4 फरवरी 25 को 30 हजार, ग्राम पंचायत मोहनिया के द्वारा 28 फरवरी 25 को 30 हजार, ग्राम पंचायत गुजडेर के द्वारा 12 दिसंबर 23 को 37 हजार, 15 दिसंबर 23 को 14800, 2 अगस्त 24 को 30 हजार की लागत का मोबाइल क्रय किया गया तो वहीं ग्राम पंचायत पिपरांव के द्वारा 12 फरवरी 25 को 22 हजार, ग्राम पंचायत शिकारगंज के द्वारा 28 अगस्त 24 को 30 हजार, ग्राम पंचायत नैकिन 19 जनवरी 25 को 29 हजार, ग्राम पंचायत कटौली के द्वारा 2 फरवरी 25 को 24500, ग्राम पंचायत रघुनाथपुर के द्वारा 13 फरवरी 25 को 22 हजार, ग्राम पंचायत अमिलहा 13 फरवरी 25 को 22 हजार, ग्राम पंचायत मझिगवां 19 फरवरी 25 को 26 हजार, ग्राम पंचायत हनुमानगढ़ 24 फरवरी 25 को 29 हजार 500, ग्राम पंचायत ममदर के द्वारा 3 मार्च 25 को 29 हजार, ग्राम पंचायत सतोहरी 20 जून 25 को 37,500, ग्राम पंचायत कुशमहर के द्वारा 43 हजार आदि की लागत से मोबाइल क्रय किया गया है।
हैलो मोबाइन की दुकान पर मेहरबान थे सरपंच-सचिव
जनपद पंचायत रामपुर नैकिन में सबसे ज्यादा ग्राम पंचायतों ने नगर पालिका रामपुर नैकिन स्थित हैलो मोबाइल की दुकान से मोबाइल क्रय किया गया। जिसमें ग्राम पंचायत चोरगड़ी, पोस्ता, कुशमहर, नैकिन, कटौली, खड्डी खुर्द, रघुनाथपुर, अमिलहा, मझिगवां, हनुमानगढ़, ममदर, शिकारगंज आदि शामिल हैं, तो वहीं शारदा मोबाइल की दुकान से ग्राम पंचायत कटौली, गुजडेर, सांडा, पिपरांव, मोहनिया, सतोहरी आदि ग्राम पंचायतों ने मोबाइल क्रय किया है।
जनपद पंचायत रामपुर नैकिन में हुए मोबाइल घोटाले में प्रमुख भूमिका हैलो मोबाइल रामपुर नैकिन के संचालक की है। दुकान संचालक के द्वारा ग्राम पंचायतों को फर्जी बिल देकर ग्राम पंचायत के खाते से राशि अपने खातों में आहरण कर उक्त राशि को अपना कमीशन लेकर नकद सरपंच-सचिव को दे दिया गया है।
हैलो मोबाइल व शारदा मोबाइल के द्वारा जहां एक ओर ग्राम पंचायतों के अवैध राशि को अपने खाते में भिजवाकर नियम विरुद्ध कार्य किया है।
वहीं दूसरी ओर जीएसटी की भी चोरी की गई है। हैलो मोबाइल और शारदा मोबाइल के बिल बाउचर एवं जीएसटी की जांच की जाए तो सारे तथ्य सामने आ जाएंगे।
इनका कहना है
शासन द्वारा ग्राम पंचायतों को 12 हजार रुपए तक मोबाइल खरीदी करने के निर्देश दिए गए थे। यदि ग्राम पंचायतों ने 12 हजार से ज्यादा राशि का मोबाइल क्रय किया है तो इसकी जांच कराकर राशि की वसूली की जाएगी और संबंधित सरपंच-सचिवों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
राजीव तिवारी
सीईओ
जनपद पंचायत, रामपुर नैकिन
जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के अंतर्गत हुए मोबाइल घोटाले की उच्च स्तरीय जांच की जानी चाहिए। जिससे शासन की राशि का जो दुरुपयोग हुआ है उसकी वसूली हो सके। ग्राम पंचायतों ने 12 हजार के स्थान पर 30-30 हजार का 3-3 मोबाइल खरीदी कर शासन को लाखों का चूना लगाया है।
अरुण शेखर त्रिपाठी
सभापति
संचार एवं संकर्म
जपं रामपुर नैकिन













