सीधी
आउटसोर्स भर्ती घोटाला,भारतीय मजदूर संघ ने सौंपा कलेक्टर को ज्ञापन…

आउटसोर्स भर्ती घोटाला,भारतीय मजदूर संघ ने सौंपा कलेक्टर को ज्ञापन…
सीधी
जिला अस्पताल सीधी में हुई 106 पदों की आउटसोर्स भर्ती घोटाले को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने कल जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिला उपाध्यक्ष विकास नारायण तिवारी ने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह अवैध और अपारदर्शी थी। युवाओं से 1 लाख से लेकर 2 लाख तक वसूले गए, लेकिन जांच के बाद जब भर्ती निरस्त कर दी गई तो अब तक भ्रष्टाचार में शामिल डॉक्टरों और अधिकारियों पर कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
ज्ञापन में कहा गया कि यह भर्ती घोटाला करोड़ों रुपए का है, जिसमें बेरोजगार युवाओं का आर्थिक शोषण किया गया। युवाओं ने कड़ी मेहनत से अर्जित धनराशि देकर नौकरी की उम्मीद पाली थी, मगर पूरे प्रकरण ने उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर दिया। भ्रष्टाचार में शामिल डॉक्टरों एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्यवाही की जाए, युवाओं से वसूली गई राशि शीघ्र वापस कराई जाए, भविष्य में इस तरह की अवैध भर्ती रोकने हेतु सख्त निगरानी व्यवस्था स्थापित की जाए, जो डॉक्टर 3 साल से अधिक समय से जिला अस्पताल में पदस्थ हैं उन्हें हटाकर नए डॉक्टरों की पदस्थापना की जाए।
ज्ञापन देने वालों में शिवांशु द्विवेदी कार्यालय मंत्री प्रदीप कुमार साहू, अतीत मिश्रा, शिवांशु पाण्डेय, अजय विश्वकर्मा कृषि एवं ग्रामीण मजदूर संघ महा मंत्री उद्र प्रसाद मिश्रा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।













