सीधी

कोविड वैक्सीन पर पैसा दिलाने जेवर एवं नकदी की ठगी

सीधी। कोविड वैक्सीन लगने पर बुजुर्गों को हर महीने 6 हजार रूपये दिलाने के नाम पर नकदी एवं जेवरात ठगी करने का मामला सामने आया है। यह मामला जमोड़ी थाना अंतर्गत डेम्हा गांव का है।

पीडित कृष्णपाल सिंह पिता स्व.गुलाब सिंह उम्र 76 वर्ष ने जमोड़ी थाना में ठगी की लिखित रिपोर्ट की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि दिनांक 7 मार्च 2026 की शाम करीब 5 बजे अपने दरवाजे पर बैठा था, उसी दौरान 2 अज्ञात व्यक्ति पहुंचे और बोले की मोदी जी की योजना आई है जिसके तहत 60 वर्ष से ज्यादा के बुजुर्गों को जिनको वैक्सीन लगी है अब 6 हजार रूपये हर माह मिलेगा। बुजुर्ग से इनके द्वारा कहा गया कि 4 हजार रूपये दीजिये, मुझे 000 नम्बर के नोट लेना है। यह सुनकर बुजुर्ग ने 4000 रूपये इनको दिया।

रूपये देखकर वापस कर दिया गया, जिसे बुजुर्ग ने दीवाल के आलमारी में रख दिया। उसी दौरान एक व्यक्ति बोला कि मेरे साथी के साथ खेत में जाकर नक्श बनवा लीजिये, मैं यहीं बैठा हूं। बुजुर्ग के खेत में जाने पर साथ में गया युवक बोला कि मेरा मोबाइल आपके घर में छूट गया, लेकर मैं आता हूं। कुछ देर तक जब बुजुर्ग खेत में खड़े रहे और कोई नहीं आया तो वापस घर गये और आशंका होने पर देखा तो 4 हजार रूपये गायब थे तथा पेटी खोलकर देखने पर मालूम पड़ा कि चांदी का नारियल, पान, प्लेट, सुपाड़ी वजन 6 तोला गायब था। जमोड़ी पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button