ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

कर्नाटक में बड़ा राजनीतिक बदलाव, सिद्धारमैया ने इस्तीफे का किया ऐलान

 

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। उनके इस्तीफे के बाद उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे।

जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित मंत्रियों के साथ नाश्ते की बैठक के दौरान सिद्धारमैया ने अपने फैसले की जानकारी दी। बैठक में मौजूद मंत्रियों को उन्होंने बताया कि वह दोपहर तीन बजे अपना इस्तीफा सौंपेंगे।

बताया जा रहा है कि कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत फिलहाल बेंगलुरु में मौजूद नहीं हैं और मध्य प्रदेश के इंदौर में हैं। ऐसे में सिद्धारमैया लोकभवन जाकर औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा राज्यपाल कार्यालय को सौंपेंगे।

बैठक के बाद कर्नाटक सरकार में मंत्री एचके पाटिल ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मुख्यमंत्री आज तीन बजे इस्तीफा देंगे। सिद्धारमैया ने स्पष्ट किया है कि डीके शिवकुमार को नया मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।”

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व लंबे समय से कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर मंथन कर रहा था। सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच सत्ता साझेदारी को लेकर चर्चाएं पहले से चल रही थीं। अब पार्टी नेतृत्व ने नेतृत्व परिवर्तन पर सहमति बना ली है।

डीके शिवकुमार को संगठन और सरकार दोनों में मजबूत नेता माना जाता है। उनके मुख्यमंत्री बनने के साथ ही राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।

सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाए जाने की संभावना है, जिसमें डीके शिवकुमार के नाम पर औपचारिक मुहर लगाई जा सकती है।

Author

Related Articles

Back to top button