बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अदाणी नॉर्थ कोल माइंस में पुराने कर्मचारियों को हटाने के विरोध में हंगामा, सभी गेटों पर वर्करों की नाकेबंदी

मझौली में पुलिस की भारी तैनाती, कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों का प्रवेश और निकास प्रभावित; यथावत रखने की मांग

सिंगरौली। जिले के अमिलिया क्षेत्र स्थित अदाणी नॉर्थ कोल माइंस, मझौली में जेपी ग्रुप से अदाणी ग्रुप द्वारा संचालन संभालने के बाद पुराने कर्मचारियों को हटाए जाने के विरोध में श्रमिकों का आक्रोश सामने आया है। कर्मचारियों ने कंपनी के सभी इंट्री और एक्जिट गेटों पर नाकेबंदी कर दी है। इसके चलते कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी न तो अंदर प्रवेश कर पा रहे हैं और न ही बाहर निकल पा रहे हैं।
स्थिति को देखते हुए मझौली क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिले के बाहर से भी पुलिस बल बुलाया गया है। बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती के कारण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

पुराने कर्मचारियों को यथावत रखने की मांग
आंदोलन कर रहे कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि जेपी ग्रुप के समय से कार्यरत पुराने कर्मचारियों को रोजगार से हटाया न जाए और उन्हें पूर्व की तरह ही काम पर रखा जाए। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से कंपनी में सेवाएं देने के बावजूद नए प्रबंधन द्वारा उन्हें हटाने की स्थिति पैदा की जा रही है, जिसे वे स्वीकार नहीं करेंगे।

कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग
कर्मचारियों ने सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर पुराने कर्मचारियों को यथावत रखने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज हो सकता है।
वहीं, लगातार जारी नाकेबंदी और बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखना चुनौती बनता जा रहा है। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। कर्मचारियों और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत से ही गतिरोध समाप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button