मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में कांग्रेस पार्षद दल की बैठक, नगर निगम के मुद्दों पर की गई चर्चा

सिंगरौली: आज जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली कार्यालय में शहर अध्यक्ष श्री प्रवीण सिंह चौहान की अध्यक्षता में कांग्रेस पार्षद दल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम सिंगरौली के सभी कांग्रेस पार्षद उपस्थित रहे और शहर की स्थिति पर गंभीर चर्चा की गई।

बैठक में नगर निगम में बढ़ते भ्रष्टाचार, विकास कार्यों की अनदेखी और आर्थिक बदहाली की स्थिति पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। पार्षदों ने एक स्वर में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में नगर निगम को चुंगी क्षतिपूर्ति राशि और विकास कार्यों के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता मिलती थी, लेकिन वर्तमान में भाजपा सरकार ने इन मदों में भारी कटौती की है, जिसके परिणामस्वरूप शहर के विकास कार्यों पर गंभीर असर पड़ा है।

इसके अलावा, बैठक में यह भी बताया गया कि नगर निगम की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो चुकी है। कर्मचारियों के वेतन से लेकर संविदाकारों के भुगतान तक कई महीने से लंबित हैं, जबकि सत्ता-धारी नेताओं द्वारा नगर निगम का लगातार आर्थिक शोषण किया जा रहा है। कांग्रेस पार्षदों ने इसे शहर के हितों के साथ विश्वासघात बताया।

शहर अध्यक्ष श्री प्रवीण सिंह चौहान ने अपने उद्बोधन में भाजपा सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण नगर निगम आर्थिक रूप से पंगु हो रहा है और विकास कार्यों को जानबूझकर रोका जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी शहरवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए सदन से सड़क तक संघर्ष करेगी और भाजपा तथा आम आदमी पार्टी द्वारा किए जा रहे विश्वासघात को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

श्री चौहान ने यह भी कहा कि यदि निगम अध्यक्ष श्री देवेश पांडेय और महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने शहर के हितों के खिलाफ कोई भी निर्णय लिया, तो सभी कांग्रेस पार्षद भाजपा और आम आदमी पार्टी के खिलाफ एकजुट होकर निर्णायक लड़ाई लड़ेगे।

बैठक के अंत में यह संकल्प लिया गया कि कांग्रेस पार्षद दल शहरहित में लगातार आवाज उठाता रहेगा और नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार व जनविरोधी नीतियों का डटकर विरोध करेगा।

Author

Related Articles

Back to top button