भोपालमध्य प्रदेशरीवासिंगरौलीसीधी

चालीस दिन बाद घर लौट रहे मजदूरों से भरी पिकअप झकरकटा पहाड़ के नीचे गिरी चार की मौत चार घायल

झरकटा पहाड़ में ब्रेक फेल होने से पिकअप पलटी,

धान कटाई से लौट रहे मजदूरों में 4 की मौत, 4 गंभीर घायल

 

 

 

सिंगरौली जिले के चितरंगी क्षेत्र अंतर्गत झरकटा पहाड़ मार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिनांक 15 दिसंबर 2025 की रात करीब 11:30 बजे एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा गढ़वा थाना क्षेत्र में आने वाले झरकटा पहाड़ पर हुआ, जहां तीखा मोड़ और ढलान पहले से ही दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मयना गोसाईं, थाना लालगंज, जिला मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) से एक पिकअप वाहन मजदूरों को लेकर सिंगरौली जिले के ग्राम बगडेवा, थाना गढ़वा की ओर आ रहा था। यह सभी मजदूर करीब 40 दिन पहले धान कटाई के लिए उत्तर प्रदेश गए हुए थे और अब काम समाप्त होने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

 

बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन अमरेश पटेल निवासी मयना गोसाईं द्वारा बुक किया गया था। जैसे ही वाहन झरकटा पहाड़ पर पहुंचा, अचानक ब्रेक फेल हो गया। ढलान और मोड़ के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप पलटते हुए सड़क से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार मजदूर इधर-उधर जा गिरे।

 

इस दर्दनाक दुर्घटना में अमर लाल बैगा, शीलू बैगा, लालू बैगा तथा एक अन्य अज्ञात मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं संतोष बैगा पिता ददई बैगा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में अधिकांश ग्राम बगडेवा, थाना गढ़वा के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

 

घटना में घायल हुए लोगों की पहचान ननकू बिंद, अमरेश पटेल, संतोष बैगा और अजय कुमार पटेल के रूप में हुई है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।

 

पिकअप वाहन का चालक अजय कुमार पटेल निवासी अमहा नौगवां, थाना ड्रामनगंज, जिला मिर्जापुर बताया गया है। चालक भी इस हादसे में घायल हुआ है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का ब्रेक फेल होना सामने आया है, हालांकि पूरे मामले की जांच जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। हादसे के बाद झरकटा पहाड़ मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

 

इस दर्दनाक घटना के बाद ग्राम बगडेवा और आसपास के इलाकों में शोक की लहर है। मृत मजदूरों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को मुआवजा और घायलों के समुचित इलाज की मांग की है। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर ओवरलोड और तकनीकी रूप से कमजोर वाहनों की जांच की जरूरत पर सवाल खड़े करता है।

००००

इनका कहना है-यूपी से आते वक्त बीती रात एक पिकअप वाहन पलट गया जिसमें चार श्रमिकों की मौत हो गई है और तीन मजदूर घायल हो गए हैं घायलों का उपचार चल रहा है। जांच के दौरान प्रथम दृष्टि या में वहां का ब्रेक फेल होना हादसे का कारण माना जा रहा है।

मनोज सिंह चौहान

पुलिस चौकी प्रभारी नौडिहवा

 

श्री मान सिंह चंदेल विशेष रिपोर्टर सिंगरौली

Author

  • सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

पोल खोल पोस्ट

सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

Related Articles

Back to top button