नशे में पति ने 8 महीने की गर्भवती पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना से घरेलू हिंसा का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां नशे में धुत एक पति ने अपनी आठ महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर उसकी जान ले ली। मृतका की पहचान पुष्पा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति विजय कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शुरुआत में मौत को स्वाभाविक बताने की कोशिश की, लेकिन शरीर पर गंभीर चोटों के निशानों ने सच्चाई उजागर कर दी।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद विजय ने परिवार को गुमराह करते हुए कहा कि पुष्पा को दौरा पड़ा था, जिससे उसकी मौत हो गई। जब मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे तो उन्होंने पुष्पा के शरीर पर कई चोटों के निशान देखे, जिसके बाद उन्हें शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ कि मौत स्वाभाविक नहीं, बल्कि मारपीट का नतीजा थी।
मृतका के भाई अजय ने बताया कि विजय शराब पीने का आदी था और नशे में अक्सर पुष्पा के साथ मारपीट करता था। पुष्पा उसे शराब छोड़ने के लिए कहती थी, जिस कारण दोनों के बीच विवाद होते रहते थे। घटना वाले दिन भी विजय शराब के नशे में था और इसी दौरान उसने गर्भवती पुष्पा के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसे वह सहन नहीं कर सकी।
पुलिस को आरोपी विजय के चेहरे और नाक पर भी चोटों के निशान मिले हैं, जिससे झगड़े के दौरान हाथापाई होने की पुष्टि होती है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
यह घटना घरेलू हिंसा और नशे के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।













