मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली पुलिस ने बलवा ड्रिल परेड का किया आयोजन, भीड़ नियंत्रण का व्यावहारिक अभ्यास

सिंगरौली। कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस द्वारा गुरुवार 16 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन पचौर स्थित परेड ग्राउंड में बलवा ड्रिल परेड का आयोजन किया गया। यह अभ्यास पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक पी.एस. परस्ते के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

बलवा ड्रिल का उद्देश्य आपात स्थिति, भीड़ नियंत्रण, उपद्रवी गतिविधियों और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले हालात में पुलिस बल की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई को परखना था। मॉक ड्रिल के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने बलवाइयों की भूमिका निभाई, जिन पर नियंत्रण के लिए लाठीचार्ज, टीयर गैस के प्रयोग और हवाई फायरिंग का अभ्यास कराया गया। साथ ही टीयर गैस के सुरक्षित उपयोग एवं मानक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

ड्रिल में एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक, विभिन्न थाना प्रभारियों, रक्षित निरीक्षक, उप निरीक्षकों, चौकी प्रभारी, थाना स्टाफ, पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कर्मचारियों सहित लगभग 200 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
नगर पुलिस अधीक्षक पी.एस. परस्ते ने कहा कि ऐसी मॉक ड्रिल का उद्देश्य जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना, उपद्रवी तत्वों पर त्वरित नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने पुलिस बल को नियमित अभ्यास, सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।सिंगरौली पुलिस ने दोहराया कि वह कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क, प्रशिक्षित और प्रतिबद्ध है।

Author

Related Articles

Back to top button