देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी थाना क्षेत्र के सुरदा में शुक्रवार रात एक भयंकर सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सुरदा स्थित यूनियन बैंक के पास हुआ, जब चार युवक एक ही स्कूटी पर सवार होकर लौट रहे थे और अंधेरे में सड़क किनारे खड़ी हाइवा से टकरा गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घाटशिला थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर निवासी राहुल कर्मकार अपने दो भाइयों रोहित कर्मकार और समीर कर्मकार, तथा भांजे राज गोप के साथ सुरदा गए थे। रात को चारों युवक स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी अंधेरे में सड़क किनारे खड़ी हाइवा से उनकी स्कूटी टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सहित सभी युवक हाइवा के नीचे दब गए।

इस दुर्घटना में रोहित कर्मकार (21), समीर कर्मकार (18), और राज गोप (17) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल कर्मकार (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल राहुल को स्थानीय लोगों ने घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही घाटशिला और मुसाबनी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने इस दुर्घटना को लेकर सुरक्षा उपायों की आवश्यकता जताई है ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button