चितरंगी में कांग्रेस द्वारा राज्यपाल के नाम सौंपा गया ज्ञापन
पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल के नेतृत्व में आयोजित हुआ कार्यक्रम

सिंगरौली- सिंगरौली जिले के चितरंगी उपखंड के दुधमनिया गांव में पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल के नेतृत्व में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चितरंगी एसडीएम सौरव मिश्रा को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में दुधमनिया क्षेत्र की कई जन समस्याओं को उठाया गया। इसमें क्षेत्र के किसानों और आदिवासियों की भूमि से जुड़ी समस्याएं, वनाधिकार पट्टों और नामांतरण प्रकरणों के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण, और अति वृष्टि से प्रभावित फसलों का उचित मुआवजा देने की मांग की गई।इसके अलावा, चितरंगी और दुधमनिया तहसील के कई गांवों में बिजली की समस्या, जले हुए ट्रांसफार्मरों का शीघ्र निस्तारण, और कोयला परिवहन से बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण की मांग भी ज्ञापन में की गई।
ज्ञापन में मांग किया गया है कि आदिवासियों और किसानों की भूमि की सुरक्षा मिले, वनाधिकार पट्टों और नामांतरण प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जायेे, फसल क्षति का मुआवजा प्रदान किया जाये। जले हुए ट्रांसफार्मरों को बदलने और बिजली समस्याओं का समाधान किया जाये। कोयला परिवहन से प्रदूषण की रोकथाम हो।
ज्ञापन में ग्राम पिपरमान, कुसाही, बड़गड़, बसनिया, डाला, कुपूरदेई और सकेती गांवों की समस्याओं को विशेष रूप से उठाया गया।कार्यक्रम में पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष ज्ञानेंद्र द्विवेदी, पूर्व विधायक सरस्वती सिंह, अरविंद सिंह चंदेल, मनोज दुबे, भास्कर मिश्रा, उपेंद्र द्विवेदी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह ज्ञापन क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने के लिए उठाया गया एक कदम है और वे उम्मीद करते हैं कि राज्य सरकार जल्द से जल्द इन समस्याओं का समाधान करेगी।













