बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

कूनो में चीतों का नया अध्याय: सीएम मोहन यादव ने बोत्सवाना से आए दो चीतों को खुले जंगल में छोड़ा

ग्वालियर/श्योपुर। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में ‘प्रोजेक्ट चीता’ के तहत सोमवार, 11 मई को एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बोत्सवाना से लाए गए 9 चीतों में से दो को क्वारंटीन की अवधि पूरी होने के बाद खुले जंगल में मुक्त कर दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण कर वन्यजीव संरक्षण की स्थिति का जायजा भी लिया।

देश में चीतों की संख्या हुई 57

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार देर शाम ही कूनो पहुंच गए थे। सोमवार सुबह उन्होंने कूनो नदी के समीपवर्ती खुले वन क्षेत्र में चीतों को रिलीज किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि भारत में अब चीतों की कुल संख्या, देश में जन्मे शावकों सहित, बढ़कर 57 हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा:

“प्रोजेक्ट चीता का मुख्य उद्देश्य प्रदेश से लुप्त हो चुकी इस प्रजाति को पुन: स्थापित करना है। बोत्सवाना से आए ये चीते अधिक आनुवंशिक विविधता (Genetic Diversity) लेकर आए हैं, जिससे भविष्य में इनकी स्वस्थ आबादी विकसित करने में मदद मिलेगी।”

तीसरे अंतर्राष्ट्रीय चरण की सफलता

यह आयोजन ‘प्रोजेक्ट चीता’ के तीसरे बड़े अंतर्राष्ट्रीय चरण का हिस्सा है। विशेषज्ञों का मानना है कि बोत्सवाना के ये चीते कूनो की स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल ढल चुके हैं और अब खुले जंगल में खुद को बेहतर तरीके से स्थापित कर पाएंगे।

गांधी सागर और नौरादेही की तैयारी

मुख्यमंत्री ने भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कूनो नेशनल पार्क अब वन्यजीव संरक्षण और पारिस्थितिकी पुनर्स्थापना का वैश्विक केंद्र बन रहा है। अनुकूलन प्रक्रिया सफल होने के बाद, आने वाले समय में चीतों को प्रदेश के अन्य अभयारण्यों जैसे गांधी सागर और नौरादेही में भी बसाने की तैयारी की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button