सरपंच सचिव से परेशान ग्रामीणों कलेक्टर से की शिकायत…

सरपंच सचिव से परेशान ग्रामीणों कलेक्टर से की शिकायत…
गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य एवं भ्रष्टाचार का लगाया आरोप…
मामला ग्राम पंचायत खजुरिहा का…
सीधी मझौली
जनपद पंचायत मझौली अंतर्गत ग्राम पंचायत खजुरिहा में सरपंच सचिव से परेशान ग्रामीण कलेक्टर जनसुनवाई में शिकायत की है जिसमें निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी एवं ग्राम विकास के राशि का दुरुपयोग किए जाने का आरोप लगाया है।जिसमें कहा गया है कि पंचायत द्वारा लगभग 3 से 4 लाख रूपये की लागत से कोरम पूर्ति के हिसाब से पौधा रोपण कराया गया था लेकिन मौके पर एक भी पौधा नहीं है।बल्कि सरपंच व उनके करीबी व्यक्तियों द्वारा उक्त आराजी में अतिक्रमण कर लिया गया है। जो ग्राम विकास के राशि का दुरूपयोग व भ्रष्टाचार का मामला प्रतीत होता है। इसी तरह ग्राम पंचायत द्वारा पुराने तालाब का नवीनीकरण तथा गहरीकरण आज से 2 महीने पहले कराया गया था जिसमे सरपंच/सचिव द्वारा अतिरिक्त पानी निकासी बन्द करा दिया गया है जिससे तालाव फूट गया और ग्रामीणजनों का काफी नुकसान हुआ है। ग्राम पंचायत खजुरिहा में जहां पुलिया निर्माण किया गया वहां पुल की कोई आवश्यकता नहीं थी और बहुत ही घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है।जिसमें राशि का दुरूपयोग हुआ है। इसमें ग्रामवासियों में आक्रोश है कि भविष्य में दुर्घटना होने की सम्भावना बनी हुई है।ग्रामीणों द्वारा बार बार आपत्ति जताने के बाद भी सरपंच व अन्य अधिकारी द्वारा कोई संतोष जनता उत्तर नहीं दिया गया और ना ही कार्य स्थल पर कोई सूचनापटल या पारदर्शिता बरती गई है जिससे यह स्पष्ट होता है कि सभी कार्य भ्रष्टाचार एवं मिलीभगत के तहत कराये गए है। शिकायत में मांग की गई है कि निर्माण कार्य की शीघ्र जांच कराई जाय तथा दोषियों पर उचित कार्यवाही की जाय ताकि आगे इस प्रकार की कोई लापरवाही ना हो और ग्रामवासियों को न्याय मिल सके।
मनरेगा योजना में लगाया गया है पलीता
ग्रामीणों के मुताबिक यहां रोजगार के लिए ग्रामीण परेशान है जबकि जेसीबी मशीन से निर्माण कार्य करा कर फर्जी लोगों के नाम से मस्टर रोल जारी कर लाखों की राशि आहरण की जाती है अभी 29 एवं 30 अगस्त 2025 को नवीन सड़क निर्माण खजुरिया खपरी मार्ग में सोहन पनिका के घर से गुलाब सिंह के घर तक लगभग 200 मी जेसीबी मशीन से कार्य कराया गया है।इसी तरह उपाध्याय के खेत में खेत तालाब निर्माण के नाम पर 118246 रु की मजदूरी फर्जी मस्टर रोल के जरिए भुगतान की गई है वहीं डक पौंड निर्माण हनुमान मंदिर के पास झपरी इसमें 4115 मानव कार्य दिवस के अनुसार 484533 रु मजदूरी भुगतान की गई है वही पार्कोलेशन टैंक निर्माण कलावती सिंह के घर के पास झपरी में 1236 मानव कार्य दिवस के अनुसार 294242 रुपए मस्टर रोल के जरिए मजदूरी भुगतान की गई है। उपरोक्त सभी कार्यों में नवंबर 2024 से फरवरी 2025 के मध्य मस्टर रोल जारी किए गए हैं। ग्रामीणों द्वारा बताया गया है कि उपरोक्त अवधि में कोई कार्य नहीं हुए हैं फर्जी मस्टर रोल जारी किए गए हैं जबकि कुछ कार्य बरसात के पहले एवं कुछ सितंबर अक्टूबर 2024 में जेसीबी मशीन से कराए गए हैं जहां एक भी मजदूर काम नहीं किए हैं।जरूरतमंद ग्रामीण जब सरपंच सचिव के पास रोजगार मांगने जाते हैं तो उन्हें गुमराह किया जाता है और कहा जाता है कि अभी मनरेगा का बजट नहीं आया है जब आएगा तब काम बताएंगे।ऐसे में यही कहा जा सकता है कि जिन्हें योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी दी गई है वही लोग राहु केतु जैसे कुंडली मार कर बैठे हैं और योजना को पलीता लगा रहे हैं।
सरपंच ने भंडारित किया है सैकड़ो टन घटिया रेत
ग्रामीणों के मुताबिक सरपंच द्वारा कई जगहों पर जंगल से अवैध तरीके से घटिया रेत उत्खनन परिवहन कर भंडारित किया गया है और इसी रेत से निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं जैसे की रंगदेव सिंह के घर के पास रेत भंडारित है।
इनका कहना
सरपंच सचिव का काम देखकर यह समझ में नहीं आता है कि जन सेवक है या की लुटेरे। प्रशासन से शिकायत किए हैं।
गुलाब सिंह गोंड़ ग्रामीण
ग्राम पंचायत में भारी भ्रष्टाचार है सरपंच सचिव के लापरवाही से ग्रामीण परेशान हैं कलेक्टर से शिकायत किए हैं।
यज्ञ प्रताप सिंह गोंड़ ग्रामीण
सरपंच सचिव के भ्रष्टाचार को देख भी रहे हैं और ग्रामीणों द्वारा बताया भी गया है तब सैकड़ो की तादाद में हस्ताक्षरयुक्त शिकायत पत्र कलेक्टर को दिया गया है अभी जांच नहीं हुई है।
राजकुमार साकेत ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता
सरपंच सचिव द्वारा ग्राम पंचायत अधिनियम को चुनौती दी जा रही है उपसरपंच एवं पंचों की उपेक्षा की जा रही है और लाखों का भ्रष्टाचार एवं फर्जीवाड़ा किया गया है ग्रामीणों के साथ कलेक्टर से शिकायत किए हैं जांच कार्यवाही की मांग करते हैं।
राजकुमार सिंह गोंड़ उप सरपंच
जनसुनवाई में शिकायतें बहुत आती हैं शायद किसी को जांच के लिए दी गई होगी फिर भी आप शिकायत पत्र की कॉपी हमारे व्हाट्सएप में भेज दीजिए हम कल ही उसकी जांच कराएंगे।
धनंजय मिश्रा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मझौली













