अवैध गिट्टी परिवहन पर सख्ती: बिना पास डंपर जब्त, खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई

सिंगरौली। जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर खनिज विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध अभिवहन पास गिट्टी का परिवहन कर रहे एक डंपर को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सहायक खनिज अधिकारी रामसुशील चौरसिया द्वारा 28 अप्रैल 2026 को ग्राम राजसरई क्षेत्र में जांच की गई। इस दौरान वाहन क्रमांक MP66ZH9023 गिट्टी परिवहन करते पाया गया।जांच में स्पष्ट हुआ कि वाहन चालक के पास खनिज परिवहन के लिए आवश्यक वैध अभिवहन पास नहीं था। नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए डंपर को जब्त कर लिया गया।
जब्त वाहन को बरगवां थाना में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। विभाग के अनुसार वाहन के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।













