मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनएच-39 पर बड़ा सड़क हादसा टला, अनियंत्रित होकर पलटा बल्कर

सिंगरौली। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। खाखन नदी के पास तेज रफ्तार में जा रहा एक बल्कर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और चालक सुरक्षित बच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बल्कर (नंबर जीजे-12 बीवाई-8625) का चालक धर्मेंद्र पटेल वाहन लेकर सिंगरौली की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही एक यात्री बस से टकराव की स्थिति बन गई। बस से सीधी भिड़ंत से बचने के प्रयास में चालक ने बल्कर को सड़क किनारे मोड़ दिया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया।घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे ग्राम झखरावल निवासी महमूद अली और पवन द्विवेदी ने मानवता का परिचय देते हुए तत्परता दिखाई। दोनों ने सूझबूझ से चालक को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक की हालत सामान्य बताई जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में सड़क की स्थिति को लेकर नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-39 का यह हिस्सा लंबे समय से सिंगल रोड होने के कारण दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। इस मार्ग से भारी वाहनों और तेज रफ्तार बसों की लगातार आवाजाही रहती है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क को जल्द डबल लेन में परिवर्तित किया जाए तथा यातायात नियंत्रण के कड़े इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button